गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन लोगों को टैंक से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज निवासी इरफान अपने ससुर जावेद (45) और साले आबिद (25) के साथ कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित एक अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई करने पहुंचे थे। रात करीब 12 बजे तीनों पहली बार टैंक में उतरे और सफाई के बाद बाहर आ गए।
इसके बाद रात करीब 2 बजे दोबारा सफाई के लिए टैंक में उतरे, लेकिन जावेद और आबिद गहराई में चले गए और काफी देर तक बाहर नहीं आए। आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सेप्टिक टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।