लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच करीब तीन घंटे तक चली मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए। यह अभियान आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया।
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी ढेर हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकियों में एक ऐसा आतंकवादी भी शामिल था, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तैयार की गई हिट लिस्ट में शामिल था। उस पर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था।
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि आतंकियों के नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि घाटी में आतंकवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आतंकी गतिविधि को सख्ती से नाकाम किया जाएगा।