लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
मुंबई: मुंबई के मानखुर्द इलाके में भारी बारिश के बीच एक चॉल के हिस्से के ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही राज्य सरकार ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने का भी आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी की टीमें मौके पर मलबा हटाने और प्रभावित लोगों की सहायता में जुटी हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मानखुर्द के जनता नगर स्थित ग्राउंड प्लस तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह गया। हादसे में कई लोग मलबे में दब गए थे, जिन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल का उपचार जारी है।
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव, पेड़ गिरने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।