लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। चावणे स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एलपीजी प्लांट परिसर में अचानक बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे वहां रखे करीब 1200 खाली गैस सिलेंडर तेज बहाव में बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के बाद जलस्तर तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते प्लांट परिसर में पानी भर गया। तेज बहाव के कारण बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर पानी में बहते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, बहने वाले सभी सिलेंडर खाली थे, इसलिए किसी बड़े विस्फोट या गैस रिसाव की आशंका नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और बहकर गए सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से वापस लाने का अभियान शुरू किया गया है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।