लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि दिन के दौरान बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश और आंधी देखने को मिल रही है। मंगलवार शाम हुई बारिश ने लोगों को राहत दी थी और अब एक बार फिर मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई है।
प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा यात्रा के दौरान मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।