लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने विरासत संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 'Our Monuments, Our Pride' अभियान के तहत दो नई योजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत निजी कंपनियां, पीएसयू, ट्रस्ट और एनजीओ दिल्ली के 75 ऐतिहासिक स्मारकों को पांच साल के लिए 'Monument Friends' के रूप में अपना सकेंगे।
योजना का उद्देश्य पुराने स्मारकों की देखरेख, साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना है। योग्य संस्थाओं को स्मारकों के संरक्षण और बहाली कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता भी दी जा सकेगी।
दिल्ली सरकार का कहना है कि जनभागीदारी के जरिए ऐतिहासिक धरोहरों को सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पहल से कम प्रसिद्ध स्मारकों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।