लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
बेंगलुरु: बेंगलुरु स्थित कैपजेमिनी(Capgemini) के परिसर में संचालित डेकेयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखभाल करने वाली महिलाओं पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। मामले में पांच केयरगिवर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, दो से तीन वर्ष के बच्चों को कथित रूप से रोने पर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि कुछ बच्चों को वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाया गया, बाथरूम में बंद किया गया और उनके साथ अन्य दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है तथा अभिभावकों, कर्मचारियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कैपजेमिनी ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है और एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डेकेयर सुविधा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। पुलिस और बाल संरक्षण विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।