लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
बापटला, आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश की 94 वर्षीय कोंड्रागुंटा महालक्ष्मम्मा ने अमेरिकी नागरिकता छोड़कर दोबारा भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए आवेदन किया है। उनका कहना है कि उनकी आखिरी इच्छा अपनी मातृभूमि में भारतीय नागरिक के रूप में जीवन बिताने की है।
महालक्ष्मम्मा मूल रूप से आंध्र प्रदेश के बापटला जिले के चिंतागुंपाला गांव की रहने वाली हैं। पति के निधन के बाद वह अमेरिका चली गई थीं और साल 2000 में उन्होंने अमेरिकी नागरिकता ले ली थी। करीब 18 साल अमेरिका में रहने के बाद वह 2018 में भारत लौट आईं।
उन्होंने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर भारतीय नागरिकता बहाल करने की मांग की। महालक्ष्मम्मा ने अधिकारियों से कहा कि वह अपने जीवन के अंतिम दिन भारत में बिताना चाहती हैं और अपनी जन्मभूमि में अंतिम संस्कार चाहती हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि नागरिकता बहाली की प्रक्रिया नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी। स्थानीय जांच के बाद रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद केंद्र सरकार स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।