अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बरेली, 24 फरवरी होली पर्व से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरेली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Anurag Arya ने गूगल मीट के माध्यम से जिले के अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं और पुनर्विवेचना वाले मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए प्रत्येक एफआईआर को ई-साक्ष्य ऐप से लिंक करने तथा लंबित एसआईडी को संबंधित एफआईआर से जोड़ने को कहा, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।
आगामी होली को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा डायल 112 के पुराने इवेंट्स की समीक्षा करने को कहा गया है।
एसएसपी ने कहा कि होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।