लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रायपुर से यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन 2 अप्रैल 2026 से हटिया से और 3 अप्रैल 2026 से दुर्ग से नियमित रूप से सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। हटिया से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को, जबकि दुर्ग से बुधवार और शुक्रवार को चलेगी।
नियमित होने के बाद यह ट्रेन 18641/18642 हटिया-दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस रात 8 बजे हटिया से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस शाम 7:35 बजे दुर्ग से चलकर अगले दिन सुबह 7:15 बजे हटिया पहुंचेगी।
यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, भाटापारा और रायपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
ट्रेन में प्रथम एसी (1A), द्वितीय एसी (2A), तृतीय एसी (3A) और स्लीपर (SL) कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है।