लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फतेहाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव चौबारा और मोचीवाली में शुक्रवार की सुबह खुशी का माहौल मातम में बदल गया। बारात से लौट रहे दूल्हे के दोस्तों की गाड़ी एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव चौबारा निवासी राजपाल के बेटे मुकेश की बारात गुरुवार रात भिवानी जिले के गांव बड़सी गई थी। शुक्रवार सुबह शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हे के पांच दोस्त टाटा सिएरा गाड़ी में सवार होकर वापस फतेहाबाद लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी गाड़ी हांसी के सैनीपुरा गांव के पास पहुंची, सामने चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी तेज रफ्तार गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में गांव मोचीवाली निवासी 42 वर्षीय महावीर सिंह और गांव चौबारा निवासी 38 वर्षीय मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार अन्य तीन युवक—विक्रम, कृष्ण और विनोद—गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्रैक्टर चालक बालकरण ने बताया कि वह यूपी से ट्रॉला लेकर सिरसा की ओर जा रहा था। हांसी के पास अचानक पीछे से जोरदार टक्कर लगी। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
गांव चौबारा के सरपंच जोगिंदर कुमार ने बताया कि इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतक मनोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं महावीर अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।