लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पूर्वी सिंहभूम, 24 मार्च
शहर में सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
पहली घटना बर्मामाइंस के मिल एंड गोदाम क्षेत्र में तड़के करीब 4 बजे हुई, जहां इम्तियाज खान के लकड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में तैनात गार्ड ने समय रहते धुआं और लपटें देख लीं और तत्काल मालिक को सूचना दी, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलते ही गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग मुख्य रूप से लकड़ी तक सीमित रही, जिससे मशीनें सुरक्षित बच गईं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात हुई, जहां फुटपाथ पर लगी एक सब्जी दुकान में अचानक आग लग गई। यह दुकान मधु नामक युवक की बताई जा रही है, जो रोजाना सब्जी बेचकर अपना गुजारा करता है।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। दुकान में रखी सब्जियां और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि क्षेत्र में पहले फुटपाथ दुकानदारों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे इस घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।