लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
कांग्रेस पार्टी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता और सांसद केसी वेणुगोपाल ने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार कार्यवाही शुरू करने की मांग की है।
कांग्रेस का आरोप है कि राजनाथ सिंह ने संसद में यह बयान दिया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी भारतीय सैनिक की मृत्यु नहीं हुई, जबकि बाद में सरकार द्वारा जारी सूची में छह सैनिकों के शहीद होने की जानकारी सामने आई। पार्टी ने इसे संसद को गुमराह करने का गंभीर मामला बताया है।
वहीं रक्षा मंत्रालय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि रक्षा मंत्री के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है और उन्हें गलत तरीके से उद्धृत किया गया है।
इस मुद्दे पर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और विपक्ष ने सरकार से जवाबदेही की मांग तेज कर दी है।