लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस सौंपा है। कांग्रेस का आरोप है कि रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों के हताहत होने को लेकर सदन को गुमराह किया।
कांग्रेस का कहना है कि संसद में राजनाथ सिंह ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कोई भारतीय सैनिक शहीद नहीं हुआ, जबकि बाद में सरकार ने छह सैन्यकर्मियों के शहीद होने की जानकारी सार्वजनिक की। इसी आधार पर कांग्रेस ने इसे संसद के विशेषाधिकार का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वहीं रक्षा मंत्रालय ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि रक्षा मंत्री के भाषण को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। मंत्रालय का कहना है कि सरकार ने शहीद जवानों को पूरा सम्मान दिया है और मंत्री के बयान की गलत व्याख्या की गई है। अब इस मामले पर आगे की कार्रवाई लोकसभा अध्यक्ष के निर्णय पर निर्भर करेगी।