पिंकी कुमारी
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भारत की राजकीय यात्रा पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा के साथ शनिवार को मुलाकात की। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के उद्देश्य से हुई।
डॉ जयशंकर ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति लूला ने भारत के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने हेतु गर्मजोशी और मार्गदर्शन साझा किया, जो अत्यंत सराहनीय है। विदेश मंत्री ने यह भी बताया कि इसी दिन दोपहर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक आयोजित होगी, जो भारत-ब्राजील संबंधों में नई ऊर्जा और गति लाएगी।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील के राष्ट्रपति अपनी राजकीय यात्रा के दौरान भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों के अधिकारियों ने व्यापार, रक्षा, विज्ञान और तकनीकी सहयोग के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
भारत और ब्राजील के बीच यह संवाद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग को और बढ़ावा देने और वैश्विक मंच पर साझा हितों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।