अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
इंफाल, 20 फरवरी। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों में अलग-अलग जिलों से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार Revolutionary People's Front (आरपीएफ) / People's Liberation Army (पीएलए) के दो सक्रिय कैडरों को इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट से पकड़ा गया। उनके पास से 9 मिमी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, स्कूटर, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
एक अन्य अभियान में People's Revolutionary Party of Kangleipak (Progressive) (प्रीपाक-प्रो) के एक कैडर को इंफाल ईस्ट से गिरफ्तार किया गया। वहीं बिश्नुपुर जिले से एक और उग्रवादी पकड़ा गया। दोनों के पास से मोबाइल फोन और पहचान दस्तावेज बरामद हुए। ककचिंग जिले में तलाशी अभियान के दौरान अमोघ कार्बाइन, स्थानीय निर्मित बंदूकें, ग्रेनेड, गोलियां, विस्फोटक सामग्री, हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।
राज्यभर में 105 नाका/चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की जांच की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 287 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई तथा संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।