अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जयपुर, 26 फरवरी। खारी झील और समृद्ध वेटलैंड पारिस्थितिकी के लिए प्रसिद्ध Sambhar Lake में 27 फरवरी को सांभर बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। वन विभाग द्वारा कोच्या की ढाणी स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य झील की जैव विविधता और यहां हर वर्ष आने वाले प्रवासी पक्षियों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
महोत्सव में तकनीक और परंपरा का संगम देखने को मिलेगा। दूरबीन, कैमरा, स्पॉटिंग स्कोप और ड्रोन के माध्यम से बर्ड वॉचिंग का लाइव अनुभव कराया जाएगा। दुर्लभ पक्षी प्रजातियों और उनके जीवन चक्र पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
झील में नमक उत्पादन की पारंपरिक प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे आगंतुक स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझ सकेंगे। विद्यार्थियों के लिए बर्ड क्विज, पेंटिंग और जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनके विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा ‘ई-बर्ड’ ऐप के उपयोग की जानकारी, एवियन बोटुलिज्म जैसी पक्षी बीमारियों की रोकथाम संबंधी जागरूकता स्टॉल और ‘वेटलैंड मित्र पंजीकरण अभियान’ भी चलाया जाएगा। वन विभाग ने पक्षी प्रेमियों, पर्यटकों और शोधार्थियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।