अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 26 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को महान क्रांतिकारी विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि मां भारती के कर्मठ सपूत वीर सावरकर का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी अपने संकल्प पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उनका साहस, संयम और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों का पथप्रदर्शन करता रहेगा।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत श्लोक भी उद्धृत किया—
“धीराः शोकं तरिष्यन्ति लभन्ते सिद्धिमुत्तमाम्।
धीरैः सम्प्राप्यते लक्ष्मीर्धैर्यं सर्वत्र साधनम्॥”
इसका अर्थ स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि धैर्यवान व्यक्ति हर कठिनाई को पार कर श्रेष्ठ उपलब्धि हासिल करता है। धैर्य ही समृद्धि और सफलता का मूल आधार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर ने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।