अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 02 मार्च। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक हवाई यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। सुरक्षा हालात बिगड़ने और 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण भारत में सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
Air India ने मध्य-पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोपरि है।
IndiGo ने भी एहतियातन मध्य-पूर्व के लिए उड़ानें रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। 2 और 3 मार्च को इंडिगो की कुल 203 उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
Indira Gandhi International Airport प्रशासन ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में बताया कि पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव और रुकावटें आ रही हैं, जिससे कई यात्री फंसे हुए हैं।

इसी तरह Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport पर भी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को भारत में कुल 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें मुंबई एयरपोर्ट पर 125 और दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 उड़ानें शामिल रहीं। अमृतसर सहित अन्य शहरों से भी कई उड़ानें रद्द की गईं।