अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित
रायपुर, 23 फरवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में रविवार सुबह नवा रायपुर स्थित विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के संचालन, कार्यसूची निर्धारण और सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।इसके अलावा वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह और विधायक अजय चंद्राकर भी बैठक में शामिल हुए। सभी सदस्यों ने सत्र के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयकों की प्रस्तुति तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए समय निर्धारण को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सदन की कार्यवाही सकारात्मक और सार्थक वातावरण में संचालित हो, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से चर्चा हो सके। अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए विधानसभा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। समिति की बैठक को आगामी सत्र की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें सरकार और विपक्ष दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।