लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल एक बार फिर सुर्खियों में है। विदेश में बैठकर कथित तौर पर रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क संचालित करने वाले नांदल को गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में हुई मुठभेड़ में उसके गैंग के चार शूटर मारे गए। पुलिस के अनुसार, ये बदमाश एक कारोबारी को धमकाने और बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
दीपक नांदल का नाम हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया तक पहुंचने की कहानी के कारण भी चर्चा में रहा है। उस पर बिल्डरों से रंगदारी मांगने, कारोबारी वर्ग को धमकाने और कई हाई-प्रोफाइल मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। दिल्ली के सिंगर बिस्मिल से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई को नांदल गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें चार शूटर मारे गए और पुलिस के कुछ जवान भी घायल हुए। पुलिस अब गैंग के पूरे नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और विदेश से संचालित होने वाली गतिविधियों की जांच में जुटी है।