अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अभिनेत्री दीपिका पादुकोण से जुड़ी एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हाल ही में वह अपनी फिल्मों ‘कल्कि 2’ और ‘स्पिरिट’ को लेकर सुर्खियों में थीं, और अब खबर है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की चर्चित सीरीज The White Lotus के चौथे सीजन का हिस्सा बनने से भी इनकार कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीरीज के निर्माताओं ने दीपिका से संपर्क कर उन्हें ऑडिशन देने के लिए कहा था। हालांकि, बताया जा रहा है कि अभिनेत्री ने ऑडिशन प्रक्रिया में भाग लेने से साफ मना कर दिया। चूंकि कास्टिंग के लिए ऑडिशन अनिवार्य रखा गया था, ऐसे में वह इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं।
सूत्रों का कहना है कि ‘द व्हाइट लोटस’ की टीम किसी भी कलाकार को अंतिम रूप देने से पहले स्क्रीन टेस्ट और ऑडिशन के आधार पर चयन कर रही है। दीपिका इस प्रक्रिया से सहमत नहीं थीं, जिसके चलते यह मौका उनके हाथ से निकल गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी निर्माताओं ने उन्हें तीसरे सीजन के लिए अप्रोच किया था, लेकिन उस समय वह अपनी प्रेग्नेंसी के चलते इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं कर सकी थीं। वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका को आखिरी बार Kalki 2898 AD में देखा गया था। अब फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।