अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मशहूर भारतीय रैपर और सिंगर Badshah एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर हरियाणा में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों और म्यूजिक वीडियो के कुछ दृश्यों को लेकर आपत्ति जताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने में अश्लील शब्दों, आपत्तिजनक इशारों और स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों का गलत चित्रण किया गया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है।
चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि म्यूजिक वीडियो में दिखाए गए कुछ सीन महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले हैं। इसी वजह से इस मामले की शिकायत हरियाणा महिला आयोग और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भी की गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 296 (अश्लील कृत्य) और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं इस विवाद को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने रैपर बादशाह को 13 मार्च 2026 को पानीपत में होने वाली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया है।
बता दें कि गाने की कुछ लाइनों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ये बोल महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को दर्शाते हैं।
गौरतलब है कि ‘टटीरी’ शब्द असल में एक जलचर पक्षी (टिटहरी) के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो अपनी तेज आवाज के लिए जाना जाता है। हालांकि गाने के विजुअल्स और संदर्भ के कारण यह गाना रिलीज होते ही विवादों में घिर गया।