गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कोयंबटूर जिले के वालपाराई पहाड़ी मार्ग स्थित 13वें हेयरपिन मोड़ पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू पर्यटन वैन सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए लगभग 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही स्कूल में कार्यरत 7 शिक्षिकाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम क्षेत्र से 13 लोग वैन में सवार होकर वालपाराई घूमने आए थे। सभी लोग वालपाराई की सैर के बाद पोल्लाची के रास्ते वापस केरल लौट रहे थे। इसी दौरान वालपाराई पहाड़ी मार्ग के 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
तेज रफ्तार वैन पहले सुरक्षा दीवार से टकराई और फिर करीब 800 फीट गहरी खाई में गिरते हुए 9वें हेयरपिन मोड़ के पास जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य ने पोल्लाची सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में मृतकों की पहचान आशा, शकिला, सजीता सहित 7 शिक्षिकाओं, मजीद नामक एक स्कूल कर्मचारी और एक 12 वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है।
हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया। कठिन पहाड़ी क्षेत्र होने के बावजूद राहत कार्य तेजी से चलाया गया।
कोयंबटूर जिला कलेक्टर पवन कुमार ने बताया कि प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, केरल के बिजली मंत्री कृष्णन कुट्टी भी पोल्लाची पहुंचे और उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द घोषणा की जाएगी।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।