अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बरेली, 27 फरवरी। उत्तर प्रदेश के Bareilly स्थित रिजर्व पुलिस लाइन का परेड ग्राउंड गुरुवार रात आत्मीयता और भाईचारे का अनोखा उदाहरण बना। पुलिस कल्याण गतिविधि के तहत आयोजित ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और जवान एक ही पंगत में बैठे नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान अफसरों ने औपचारिकता छोड़कर खुद थाली उठाई और जवानों को भोजन परोसा। इतना ही नहीं, वे उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते भी दिखाई दिए। इस पहल ने रैंक और पद की दूरी को कम करते हुए पारिवारिक माहौल का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शुरुआत अनुचर एवं तृतीय श्रेणी कर्मचारियों और आरटीसी की महिला पुलिसकर्मियों को भोजन परोसकर की गई। इसके बाद विभिन्न थानों और इकाइयों से आए पुलिसकर्मी एक साथ पंक्ति में बैठे।
‘बड़ा खाना’ के जरिए पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन में हर पद की समान अहमियत है। सामूहिक भोज ने आपसी तालमेल और मनोबल को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल पेश की।