अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शिमला के छोटा शिमला मंदिर से दान पेटी चोरी, आरोपी गिरफ्तार; नकदी बरामद
शिमला, 24 फरवरी। Shimla के छोटा शिमला स्थित मंदिर से दान पेटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुई दान पेटी और नकदी भी बरामद कर ली है।
जिला पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय प्रकाश (31) पुत्र जलम सिंह, निवासी गांव फागू, डाकघर कांडो, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह की है। शिकायतकर्ता रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने दान पेटी को मंदिर के अंदर से निकालकर गेट के बाहर रखा और पूजा-अर्चना में लग गए।
करीब एक घंटे बाद सुबह लगभग 6:30 बजे जब वह बाहर आए तो दान पेटी वहां से गायब मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना पूर्व (ईस्ट) में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। जांच के दौरान चोरी हुई दान पेटी गांव कुम्हाली (कुसुम्पटी वन क्षेत्र) के पास से बरामद की गई, साथ ही आरोपी से नकद राशि भी बरामद हुई।
जिला पुलिस ने मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि दान पेटियों व अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था और सीसीटीवी सिस्टम मजबूत रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।