अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सोनीपत, 05 मार्च। सोनीपत जिले में गोहाना-जुलाना मार्ग पर गुरुवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
इस हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घायलों को गोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य है और जान बच गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस पलटते ही स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
बस चालक मदन और परिचालक बीरेन्द्र सिंह ने बताया कि बस गोहाना से जुलाना की ओर जा रही थी। बनवासा गांव के पास अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।