अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नारनौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के शहरी क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी और टीकाकरण का अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि विभिन्न नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के अंतर्गत अब तक 756 कुत्तों को पकड़ा जा चुका है। नगरपालिका नांगल चौधरी में सर्वाधिक 375 कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी पूरी की जा चुकी है। नगरपालिका कनीना में तीन फरवरी से शुरू अभियान के तहत 280 कुत्ते पकड़े गए, जिनमें से 260 की नसबंदी हो चुकी है। वहीं, नगरपालिका अटेली मंडी में 101 कुत्तों को पकड़ा गया है, जिनमें 95 की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि यह अभियान लक्ष्य प्राप्ति तक जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए चेतावनी दी कि अभियान में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 1550 कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी और टीकाकरण के लिए नगर परिषद ने एक निजी एजेंसी को टेंडर दिया है।