गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Kishanganj, 26 मार्च । रामनवमी पर्व को लेकर किशनगंज जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा गठित क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) को विशेष ब्रीफिंग देकर अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया है। साथ ही आम लोगों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने की भी हिदायत दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने नगर थाना क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। जिले के विभिन्न चेक पोस्ट और चौक-चौराहों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।