गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Jaunpur के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित वाजिदपुर तिराहे के पास शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे सड़क किनारे बनी गुमटियों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई गुमटियां इसकी चपेट में आ गईं।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले घटना की सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के अधिकारी नागेंद्र द्विवेदी अपनी टीम और दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिसे काबू में करने में घंटों की मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शी कृपावंश जायसवाल के अनुसार, वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी उन्होंने आग देखी और तुरंत लोगों व फायर स्टेशन को सूचना दी।
इस हादसे में कई दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। दयाराम प्रजापति की नाश्ते की दुकान में रखा करीब 60-65 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि बबलू प्रजापति की गुमटी पूरी तरह नष्ट हो गई। पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है।
फायर अधिकारी नागेंद्र द्विवेदी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।