लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों के लिए तेज आंधी और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर उमस बनी रह सकती है, लेकिन शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने और यात्रा से पहले ट्रैफिक व मौसम अपडेट जांचने की सलाह दी गई है।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और अचानक बारिश की वजह से यातायात और उड़ान सेवाओं पर असर पड़ सकता है।