लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देशभर में एम्बुलेंस सेवाओं को एक समान और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नेशनल एम्बुलेंस सर्विसेज (NAS) 2026 की परिचालन गाइडलाइन जारी की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने इन दिशानिर्देशों को जारी करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक समान मानक लागू करना है।
नई गाइडलाइन में एम्बुलेंस की श्रेणियां, आवश्यक उपकरण, दवाएं, प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT), वाहन रखरखाव, संक्रमण नियंत्रण, प्रदर्शन की निगरानी और शिकायत निवारण के लिए एक समान मानक तय किए गए हैं। सभी एम्बुलेंस को AIS-125 सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।
इसके अलावा, GPS आधारित ट्रैकिंग, इंटीग्रेटेड कमांड एंड डिस्पैच सेंटर, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 से चरणबद्ध एकीकरण पर भी जोर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इन उपायों से एम्बुलेंस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा और मरीजों को समय पर बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।