लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और आसपास के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई प्रमुख मार्गों, अंडरपास और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने की अपील की है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।
बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव से दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर उड़ानों और सार्वजनिक परिवहन पर भी असर देखा गया, जबकि प्रशासन जलनिकासी और यातायात व्यवस्था सामान्य करने में जुटा है।