लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं के कारण अब तक कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कुछ इलाके शामिल हैं, जहां कई सड़कें बंद हो गई हैं, नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अचानक आई बाढ़ से कई लोगों की जान गई है। उत्तराखंड में नदियां उफान पर हैं और संवेदनशील जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भी भारी बारिश से सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।