गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Harda जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी की तैयारियों में जुटा घर उस समय मातम में बदल गया, जब खरीदारी कर लौट रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम ऊंचान निवासी अभिषेक कीर (21) की 19 अप्रैल को शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया। अभिषेक अपनी मां नर्मदी बाई (45) और 12 वर्षीय भांजे शुभम के साथ खरीदारी कर लौट रहा था।
रात करीब 8:15 बजे मांगरूल नाके के पास वन विभाग चौकी के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अभिषेक और उसकी मां के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल शुभम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी थी और चालक को कई बार हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन लापरवाही बरती गई, जो हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। अभिषेक के बड़े भाई ने बताया कि घर में शादी की खुशियां चरम पर थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।