आकांशा खटाना
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में पैरामेडिकल और नर्सिंग कोर्स के नाम पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। प्रधान नगर थाना पुलिस ने शहर के एक कथित पैरामेडिकल संस्थान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीती रात दो महिलाओं सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। इस कथित ठगी गिरोह में शामिल होने के आरोप में कौशिक गुहा, नवीन चंद्र बनिक, सुरजीत शर्मा, संजय शर्मा, अभिजीत सूत्रधार, रोधा खाती और रोशी छेत्री को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित सिलीगुड़ी के विभिन्न वार्डों के अलावा अलीपुरद्वार, मिरिक और कालिम्पोंग के निवासी है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब कई छात्र-छात्राओं ने संस्थान के खिलाफ प्रधान नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैरामेडिकल कोर्स में दाखिले के नाम पर उनसे लाखों रुपये वसूले गए, लेकिन संस्थान के पास कोर्स संचालित करने के लिए कोई वैध सरकारी अनुमति या मान्यता नहीं थी। इतना ही नहीं, संस्थान द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र किसी भी सरकारी या निजी नौकरी में मान्य नहीं पाए गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मिलन मोड़ स्थित संस्थान पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि स्वास्थ्य विभाग या किसी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड की अनुमति के बिना ही संस्थान धड़ल्ले से संचालित हो रहा था। पुलिस आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने की तैयारी में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही सालबाड़ी इलाके में इसी तरह के एक फर्जी संस्थान से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को प्राथमिक जांच में आशंका है कि सिलीगुड़ी में इस तरह के फर्जी शिक्षण संस्थानों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
प्रधान नगर थाना पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इस ठगी का शिकार कितने छात्र-छात्राएं हुए हैं और क्या इस पूरे मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भी संलिप्तता है या नहीं।