
टी सी ठाकुर
लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
कैलिफोर्निया.न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव में जोहरन ममदानी की ऐतिहासिक जीत पर साउथ एशियन कम्युनिटी के प्रमुख नेता और नासाउ काउंटी के पूर्व डेप्युटी कम्पट्रोलर दिलीप चौहान ने हार्दिक बधाई दी है। चौहान, जो ममदानी के शुरुआती समर्थकों में से रहे हैं, ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण एशियाई समुदाय की सामूहिक सफलता है।

जोहरन ममदानी ने कुल 10,36,051 वोट यानी 50.4 प्रतिशत मत हासिल कर पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कूमो को हराया है। इसके साथ ही वे न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम, भारतीय अमेरिकी और दक्षिण एशियाई मूल के मेयर बन गए हैं।
दिलीप चौहान ने इस ऐतिहासिक क्षण को भावुक शब्दों में व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे पूरे समुदाय के लिए गर्व का दिन है। जोहरन ममदानी का न्यूयॉर्क सिटी का पहला साउथ एशियन, इंडियन अमेरिकन और मुस्लिम अमेरिकन मेयर बनना केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि हम सबकी कहानी है। यह हमारे युवाओं, हमारे बुजुर्गों, हमारे दुकानदारों, टैक्सी और उबर ड्राइवरों, शिक्षकों और उन माता-पिताओं की जीत है जिन्होंने अपने बच्चों के बड़े सपनों के लिए दिन रात मेहनत की।
उन्होंने कहा कि यह जीत हर उस प्रवासी की है जो न्यूयॉर्क आया था सिर्फ जीने नहीं बल्कि इस शहर का हिस्सा बनने के सपने के साथ। जोहरन ने हमेशा सादगी, सच्चाई और जनहित के मुद्दों पर ध्यान दिया चाहे वह किफायती आवास हो, न्यायसंगत अवसर हों या कामकाजी परिवारों की गरिमा का प्रश्न।

चौहान ने कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रवासी सपने अब सिर्फ न्यूयॉर्क में जीवित नहीं रहते, वे न्यूयॉर्क का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज हमने सिर्फ इतिहास को देखा नहीं बल्कि उसे गढ़ा है।
दीवाली के अवसर पर इस जीत को विशेष बताते हुए दिलीप चौहान ने कहा कि जैसे दीवाली का दीपक अंधकार को दूर करता है वैसे ही जोहरन ममदानी की जीत उम्मीद, समावेशन और एक उज्जवल भविष्य का प्रतीक है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे करुणा, दूरदर्शिता और साहस के साथ इस शहर का नेतृत्व करेंगे।
दिलीप चौहान लंबे समय से भारतीय अमेरिकी समुदाय के सशक्त प्रवक्ता रहे हैं और न्यूयॉर्क सिटी के सार्वजनिक स्कूलों में दीवाली को आधिकारिक अवकाश घोषित कराने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि ममदानी की यह जीत पूरे दक्षिण एशियाई समुदाय के लिए एकता और गर्व का प्रकाश है।