लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल के दाम ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर घटा दिए हैं। नई कीमतें 1 जुलाई से देशभर में कंपनी के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं। यह पिछले दो वर्षों से अधिक समय में किसी ईंधन कंपनी द्वारा की गई पहली बड़ी खुदरा मूल्य कटौती मानी जा रही है।
कंपनी का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया। हालांकि अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय करों के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।
मार्च 2026 में नायरा एनर्जी ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा किया था। अब वैश्विक बाजार में हालात सामान्य होने के बाद कंपनी ने उतनी ही कटौती कर ग्राहकों को राहत दी है। फिलहाल सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—ने अपनी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।