गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मनाली में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मनाली स्थित अनिला महाजन सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन होगा।
कार्यक्रम सुबह 11 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की खासियत यह होगी कि विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व छात्र और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एक साथ एक ही समय और एक ही लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे।
कार्यक्रम में साधवी शिवानी दुर्गा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं हिमाचल शिक्षा समिति जिला कुल्लू के अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रूम सिंह ठाकुर के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ आचार्य वर्ग, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक, पीटीए सदस्य, मातृ भारती की मातृशक्तियां, पूर्व छात्र और क्षेत्र के नागरिक शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार, ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत रहा है। 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रधानाचार्य रूम सिंह ठाकुर ने क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और पूर्व छात्रों से 25 सितंबर को सुबह 11 बजे विद्यालय परिसर में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि सामूहिक गायन के माध्यम से मनाली में राष्ट्रीय चेतना और एकता का संदेश दिया जाएगा।