गुजरात के दाहोद जिले के सिंगवड़ इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवक और करीब 16 साल की नाबालिग लड़की ने जंगल में जान दे दी। घटना के दौरान दोनों Instagram पर लाइव थे और 50 से ज्यादा लोग इस लाइव स्ट्रीम को देख रहे थे। इनमें उनके परिवार के लोग भी शामिल थे।
यह घटना 4 अक्टूबर को सिंगवड़ तालुका के हीरापुर गांव के बाहरी इलाके में हुई। दोनों अलग-अलग गांवों से करीब 20 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे। लाइव स्ट्रीम देखकर परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, खराब नेटवर्क और सटीक लोकेशन पता लगाने में दिक्कत के कारण पुलिस समय पर वहां नहीं पहुंच सकी।
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच रिश्ते और परिवार की असहमति की बात सामने आई है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सटीक वजह की पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।