NEWS
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और माधुरी दीक्षित का ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर खास अंदाज देखने को मिला। शो के प्रोमो में अमिताभ बच्चन ने माधुरी से मजाकिया अंदाज में माफी मांगते हुए कहा कि उनसे एक बार “बड़ी गुस्ताखी” हो गई थी। दरअसल, अमिताभ ने माधुरी के आइकॉनिक गाने ‘एक दो तीन’ के डांस स्टेप्स अपनी एक फिल्म में करने का जिक्र किया। इसके बाद माधुरी ने मुस्कुराते हुए पूछा कि क्या वह भी वह क्लिप दिखा दें। तभी स्क्रीन पर अमिताभ बच्चन की पुरानी फिल्म ‘तूफान’ (1989) की क्लिप चलाई गई, जिसमें वह ‘एक दो तीन’ के स्टेप्स करते नजर आए।
अपना पुराना डांस देखकर अमिताभ बच्चन खुद भी झेंप गए और हंसने लगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दर्शकों ने अभी देख लिया कि एक खूबसूरत गाने को कैसे खराब किया जा सकता है। इस दौरान माधुरी और वहां मौजूद दर्शक भी हंसी नहीं रोक पाए।
शो के एक दूसरे प्रोमो में माधुरी दीक्षित ‘देवदास’ के गाने ‘काहे छेड़ मोहे’ पर शानदार डांस करती नजर आईं। अमिताभ बच्चन ने उनकी परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की और तालियां बजाईं।
अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन के मौके पर चल रहे इस खास सेलिब्रेशन में माधुरी दीक्षित की मौजूदगी ने शो को और खास बना दिया है। उनका यह स्पेशल एपिसोड 9 अक्टूबर को प्रसारित होगा।