हरियाणा के रोहतक में दिल्ली से दोस्तों से मिलने आए एक लिव-इन कपल की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव आसौदा के पास नहर से बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों करीब आठ महीने से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। 26 सितंबर को दोनों कार से रोहतक दोस्तों से मिलने आए थे। इसके बाद 30 सितंबर को युवक ने अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बात की, फिर दोनों से संपर्क नहीं हो सका। बाद में दोनों के शव नहर से बरामद हुए।
30 लाख रुपये ने बढ़ाया शक
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने हाल ही में अपनी जमीन बेची थी और उसे करीब 30 लाख रुपये मिले थे। इसके अलावा उसकी कार भी गायब थी। इसी वजह से पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही थी कि कहीं पैसे के लिए हत्या तो नहीं की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आने की बात कही है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार समेत अन्य सबूतों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारणों की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी वजह और 30 लाख रुपये से इसका कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट हो सकेगा।