School में बच्चों से पढ़ाई की जगह ईंट ढुलवाने का आरोप, मचा हड़कंप

By: LNI News Aug 28 2026 07:54:58 AM
#localnewsofindia #ChildrenRights #ViralNews
ग्राम पुरना स्थित प्राथमिक विद्यालय से बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मांडवी कुमारी पर बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय विद्यालय के अलग-अलग काम करवाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों से कभी बाथरूम में पानी भरवाने तो कभी घास निकलवाने जैसे काम कराए जाते हैं। आरोप है कि 27 अगस्त की सुबह बच्चों से ईंट ढुलवाई जा रही थी। साथ ही ये भी बताया गया कि विद्यालय की बाउंड्री करीब दो महीने से टूटी हुई थी और ग्रामीण कई बार इसे ठीक कराने की मांग कर चुके थे। अब आरोप है कि बाउंड्री निर्माण के लिए बच्चों से ही ईंट ढुलवाई जा रही है। मौके से गुजर रहे आजाद समाज पार्टी के विधानसभा सचिव राम मूरत ने भी बच्चों से कराए जा रहे काम को गंभीर मामला बताया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापिका से सवाल करने पर कथित तौर पर धमकी भरे जवाब दिए जाते हैं। ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच, विद्यालय का निरीक्षण और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। सवाल यही है कि विद्यालय में शिक्षा लेने पहुंचे बच्चों से आखिर मजदूरी जैसे काम क्यों कराए जा रहे हैं?

संबंधित सामग्री