अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रायगढ़, 24 फरवरी। फिल्म Yadav Ji Ki Love Story को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को यादव समाज के प्रतिनिधियों ने रायगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
समाज के पदाधिकारियों का आरोप है कि फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री में यादव समाज की छवि को एक विशेष संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि इस तरह का चित्रण समाज की गरिमा और सम्मान के खिलाफ है।
यादव समाज ने कहा कि उनका समुदाय हमेशा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार का नकारात्मक चित्रण व्यापक असंतोष और चिंता का कारण बन सकता है।
ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि फिल्म की सामग्री की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। साथ ही इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।
समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से भी उम्मीद जताई है कि वे सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए संतुलित और न्यायपूर्ण निर्णय लेंगे, ताकि किसी प्रकार का जातिगत तनाव न उत्पन्न हो और सामाजिक सौहार्द बना रहे।