आकांशा खटाना
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बिहार के नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र स्थित कटहरपुल के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में चल रहा है।
सभी युवक अपने एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर स्विफ्ट डिजायर कार से जहानाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान कटहरपुल के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के टेनी बिगहा गांव निवासी रोहित कुमार (22), सोनू कुमार (21) और उदेश कुमार (18) के रूप में हुई है। वहीं सूरज कुमार (19) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। बताया गया है कि सभी युवक आपस में चचेरे भाई थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।