राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह एक बार फिर कई स्कूलों को ई-मेल और फोन कॉल के जरिए बम की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार सबसे पहले सुबह करीब 9:13 बजे झंडेवालान स्थित एक स्कूल को फोन कॉल के जरिए बम होने की धमकी दी गई। इसके बाद कुछ तीन अन्य स्कूलों को भी इसी तरह के संदेश मिलने की जानकारी सामने आई। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन सभी छात्रों और स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कई स्कूलों में अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों को घर भेजा गया। स्कूलों के बाहर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की। एहतियात के तौर पर दिल्ली दमकल विभाग की गाड़ियां भी तैनात की गईं। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। वहीं पुलिस अधिकारी के अनुसार सभी मामलों की स्पेशल सेल की साइबर यूनिट धमकी भरे ई-मेल और कॉल की तकनीकी जांच में जुटी है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों और पिछले कुछ महीनों में लगातार राजधानी के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। अधिकांश मामलों में जांच के बाद धमकियां फर्जी पाई गई थीं।