सुमित ठाकुर
लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
गुरुग्राम, 7 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहरवासियों को वाटर बिल संबंधित समस्याओं से राहत देने और राजस्व संग्रह को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नवंबर माह में अलग-अलग वार्डों में विशेष वाटर बिल सुधार एवं कनेक्शन स्वीकृति कैंप आयोजित किए जाएंगे। निगम की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार ये कैंप 8 नवंबर से 30 नवंबर तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगाए जाएंगे।
इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य पानी एवं सीवरेज बिल से जुड़े विवादों का मौके पर समाधान, गलत रीडिंग, बिल सुधार, नाम सुधार, बकाया मिलान जैसी समस्याओं का निपटारा, पानी व सीवरेज कनेक्शन की उसी दिन स्वीकृति तथा नागरिकों की सुविधा के साथ-साथ नगर निगम के राजस्व में वृद्धि करना है।
कैंपों का पूरा कार्यक्रम
8 नवंबर – मकान नंबर 384, रामलीला ग्राउंड, जैकबपुरा
9 नवंबर – जे–S/21, डीएलएफ फेज-2 (काउंसिलर कार्यालय)
15 नवंबर – मकान नंबर A-56, अशोक विहार फेज-1, हनुमान मंदिर के पास
16 नवंबर – काउंसिलर कार्यालय, पॉकेट-E, सेक्टर-21 पुलिस मैस के पास
22 नवंबर – मकान नंबर V-40/2, डीएलएफ फेज-3
23 नवंबर – मकान नंबर 4579P, सेक्टर-23A, सरकारी स्कूल के पास
29 नवंबर – काउंसिलर कार्यालय, वार्ड-12, गांव झारसा
30 नवंबर – मकान नंबर 918, सेक्टर-31, काउंसिलर कार्यालय
प्रत्येक स्थल पर संबंधित काउंसिलर, निगम इंजीनियर और नियुक्त अधिकारी मौजूद रहेंगे। इन कैंपों के सफल आयोजन के लिए निगम प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। असिस्टेंट इंजीनियर (वाटर बिलिंग) कैंप की संपूर्ण व्यवस्था एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे।जूनियर इंजीनियर वाटर बिलिंग टीम का समन्वय करेंगे।
डेवलपमेंट विंग के जेई, संबंधित काउंसिलर/आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय करेंगे। सीएफसी इंचार्ज को कैशियर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों को मिलेगा त्वरित लाभ
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, इन कैंपों में आने वाले लोगों को मौके पर ही कनेक्शन मंजूरी, बिल सुधार, भुगतान सुविधा, तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम गुरुग्राम का यह प्रयास शहर में पानी और सीवरेज सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित समाधान और बेहतर राजस्व प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।