एशियन पैरा गेम्स: महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप, जापान से भारत लौटे भारतीय तैराक
नई दिल्ली: एशियन पैरा गेम्स 2026 के दौरान भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख विवादों में घिर गए हैं। जापान के नागोया में एक होटल की महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद जापानी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। इस घटना से भारतीय खेल दल की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
होटल में हुई कथित घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना उस होटल में हुई, जहां भारतीय पैरा तैराकी टीम ठहरी हुई थी। आरोप है कि होटल की एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी जब अपना काम कर रही थी, तभी शेख ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। महिला कर्मचारी ने कथित घटना की शिकायत की, जिसके बाद होटल प्रबंधन, स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।
शिकायत के बाद जापानी पुलिस ने शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें मंगलवार को भारत वापस भेज दिया गया। वह एशियन पैरा गेम्स में अपने निर्धारित मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सके।
आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार
इस मामले के बाद भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) की ओर से शेख के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके खिलाफ आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश भी की गई है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला होना बाकी है।
कौन हैं मोहम्मद शम्स आलम शेख?
मोहम्मद शम्स आलम शेख बिहार के मधुबनी जिले से ताल्लुक रखते हैं और पैरा तैराकी में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह पहले पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 श्रेणियों में विश्व नंबर एक रैंकिंग हासिल कर चुके हैं। उन्होंने 2018 के एशियन पैरा गेम्स में भी हिस्सा लिया था।
फिलहाल, जापान में महिला कर्मचारी के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है। आरोपों की पुष्टि और भारतीय खेल अधिकारियों की ओर से अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई का इंतजार है।