भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दक्षिण कोरिया की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी हुंडई मोटर ग्रुप ने भारत में 2026 से 2032 तक 15.5 अरब डॉलर यानी करीब ₹1.47 लाख करोड़ निवेश करने की घोषणा की है। यह ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हुंडई मोटर ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन ईयूइसुन चुंग की मुलाकात के बाद हुआ।
कंपनी इस निवेश के जरिए भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, रिसर्च एंड डेवलपमेंट को मजबूत करने और स्थानीय सप्लाई चेन का विस्तार करने की योजना बना रही है।
R&D सेंटर और नई तकनीक पर फोकस
हुंडई मोटर ग्रुप भारत में अपने रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर के विस्तार के लिए लगभग 70 करोड़ डॉलर निवेश करने की योजना बना रहा है। इसमें वाहन परीक्षण ट्रैक भी शामिल है। इससे अगली पीढ़ी की ऑटोमोबाइल तकनीकों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वाहन उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी
कंपनी हुंडई इंडिया और किआ इंडिया की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने पर भी काम करेगी। फिलहाल भारत में हुंडई और किआ की संयुक्त वार्षिक उत्पादन क्षमता 14 लाख से अधिक वाहनों की है। नए निवेश से भारत को कंपनी के प्रमुख उत्पादन और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
रोजगार और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
इस निवेश से मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, रिसर्च और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी स्थानीय सप्लायर्स के साथ साझेदारी मजबूत करने के अलावा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, वाहन फाइनेंसिंग और रीसाइक्लिंग जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर तलाशेगी।
हुंडई भारत में निवेश की योजनाओं को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष निवेश इकाई भी स्थापित करेगी। यह निवेश भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।