बिग बॉस 20: सलमान खान ने स्काउट ओपी को लगाई फटकार, लव गिल के साथ रिश्ते और गर्लफ्रेंड के सामने चुप्पी पर उठाए सवाल
टीवी के चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 20 में लव गिल और गेमर स्काउट ओपी के रिश्ते को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शो के होस्ट सलमान खान ने वीकेंड का वार में स्काउट ओपी की जमकर क्लास लगाई है। सामने आए नए प्रोमो में सलमान स्काउट की वफादारी पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्काउट को लव गिल के साथ उनके व्यवहार और गर्लफ्रेंड काशवी के सामने उनका पक्ष नहीं लेने को लेकर फटकार लगाई।
सलमान ने स्काउट की लॉयल्टी पर उठाए सवाल
वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान स्काउट से कहते नजर आते हैं कि उन्होंने साबित कर दिया है कि वह किसी के भी साथ लॉयल नहीं हैं। सलमान ने सवाल किया कि जिस लड़की को वह बहन जैसी दोस्त बताते हैं, उसके लिए वह अपनी गर्लफ्रेंड के सामने स्टैंड क्यों नहीं ले पाए।
सलमान ने स्काउट से यह भी पूछा कि क्या लव ने उन्हें इमोशनली मैनिपुलेट किया है? इस पर स्काउट ने इनकार करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है।
स्काउट के जवाब पर सलमान भड़क गए। उन्होंने कहा, 'क्या तुम बेवकूफ हो, क्या तुम इडियट हो?' सलमान ने आगे कहा कि जब उनसे दूरी बनाने के लिए कहा गया था, तब भी वह लव से दूरी नहीं बना पाए।
'रिश्ता वही, पर मसाज नहीं'
प्रोमो में सलमान खान स्काउट के लव गिल को मसाज देने वाले मामले पर भी तंज कसते हैं। उन्होंने कहा, 'रिश्ता वही, पर मसाज नहीं।' सलमान ने स्काउट को उनके व्यवहार को लेकर समझाया और कहा कि अगर उन्होंने किसी को पटाने के चक्कर में झूठे कमिटमेंट किए हैं, तो उनसे घटिया आदमी कोई नहीं है।
सलमान की बातें सुनकर स्काउट काफी हैरान नजर आए। वह कुछ देर बाद अपना माइक और कोट उतारते हुए भी दिखाई दिए। हालांकि, इस बातचीत के बाद उनका पूरा रिएक्शन एपिसोड प्रसारित होने पर ही सामने आएगा।
गर्लफ्रेंड काशवी ने भी उठाए थे सवाल
दरअसल, पिछले वीकेंड का वार में स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी शो में पहुंची थीं। उन्होंने स्काउट और लव गिल की बढ़ती नजदीकियों पर नाराजगी जताई थी। काशवी ने स्काउट को लव से दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी और लव पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।
काशवी ने स्काउट को मसाज करने को लेकर ताना मारा था और कहा था कि उन्हें अपनी निजी जिंदगी और रिश्ते की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने लव के साथ स्काउट की नजदीकियों पर भी सवाल उठाए थे।
काशवी की बातों के बाद स्काउट ने लव से दूरी बनाने की कोशिश की थी। वहीं, लव को काशवी की ओर से लगाए गए आरोपों पर आपत्ति थी।
अब वीकेंड का वार पर टिकी नजरें
लव गिल और स्काउट ओपी का रिश्ता शो की शुरुआत से ही चर्चा में है। दोनों एक-दूसरे को भाई-बहन जैसा बताते रहे हैं, लेकिन उनकी नजदीकियों और मसाज वाले वीडियो को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इससे पहले रोहित शेट्टी भी दोनों को उनके व्यवहार को लेकर समझा चुके हैं।
अब सलमान खान की फटकार के बाद बिग बॉस 20 के घर में यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है, यह देखना दिलचस्प होगा। दर्शकों की नजरें आने वाले वीकेंड का वार एपिसोड पर टिकी हैं।